Homeबड़ी खबरनीतीश कैबिनेट में करोड़पतियों की 'भरमार'

नीतीश कैबिनेट में करोड़पतियों की ‘भरमार’

राम नरेश ठाकुर


पटना। बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल में कुल 31 मंत्री बनाए गए हैं और इसमें आरजेडी से 16, जेडीयू से 11, कांग्रेस से 2 , हम (HAM) से 1 और 1 निर्दलीय विधायक है। सीएम नीतीश और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ कैबिनेट में कुल 33 सदस्य हैं। जातीय समीकरण को साधने की कोशिश की गई है, पिछड़े-अति पिछड़े समुदाय से सबसे अधिक 17 मंत्री बनाए गए हैं और इसमें यादव जाति से आठ मंत्री हैं। नेशनल इलेक्शन वॉच और एडीआर के मुताबिक इन 31 मंत्रियों में से करीब 23 मंत्री करोड़पति है। आरजेडी कोटे से 15 में से 12 मंत्री करोड़पति हैं। वहीं जेडीयू कोटे से 11 में से 8 मंत्री करोड़पति हैं। इसी तरह हम पार्टी और निर्दलीय कोटे से बने 1-1 मंत्री करोड़पति हैं। वहीं कांग्रेस कोटे से बने दोनों मंत्री करोड़पति नहीं हैं।

कई मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले
रिपोर्ट के अनुसार नए मंत्रिमंडल में शामिल 72 फीसदी (23) मंत्रियों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। जबकि 53 फीसदी(17) मंत्रियों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। मंत्रियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के चलते नीतीश कुमार पर विपक्ष लगातार तंज कस रहा है। कार्तिकेय सिंह के खिलाफ वारंट जारी होने से विपक्ष के नेता लगातार नीतीश सरकार को घेर रहे हैं। RJD से मंत्री बने ज्यादातर विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बाहुबलियों को मंत्रिमंडल में जगह
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा सांसद सुशील मोदी ने शपथ ग्रहण के बाद मंगलवार शाम को नीतीश मंत्रिमंडल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुरेन्द्र यादव, ललित यादव, रमाकांत यादव और कार्तिकेय कुमार जैसे विधायक मंत्री बनाये गए, जिनके नाम से इलाके में लोग कांपते हैं। इन लोगों पर आर्म्स ऐक्ट, यौन शोषण, हत्या के प्रयास और अपहरण जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

कोई दागी तो कोई दबंग के साथ करोड़पति
मंत्रिमंडल में ऐसे भी लोग हैं जो दागी हैं और उन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, आरजेडी कोटे से मंत्री बने सुरेंद्र यादव के खिलाफ 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश रचने सहित कई आरोप लगे व केस भी दर्ज है, एक दबंग नेता के रूप में पहचान रही है, लगातार 30 सालों से बेलागंज से जीत रहे हैं। जेडीयू कोटे के मंत्री बने जमा खान पर हिंसा भड़काने, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट का मुकदमा चल रहा है। आरजेडी कोटे के मंत्री बने कार्तिक कुमार पर मोकामा समेत बिहटा में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। किसी भी मामले में अब तक न्यायालय से इन्हें दोषी करार नहीं दिया गया है, यह पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह के करीबी हैं, निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह महागठबंधन सरकार में मंत्री बने हैं, इन पर भी पांच मामले दर्ज हैं।

आरजेडी से 15 में से 12 मंत्री करोड़पति
आरजेडी से तेज प्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, अनीता देवी, सुरेंद्र प्रसाद यादव, चंद्रशेखर, ललित यादव, जितेंद्र कुमार राय, रामानंद, सुधाकर सिंह, कुमार सर्वजीत, सुरेंद्र राम, शमीम अहमद और मो. शाहनवाज आलम करोड़पति मंत्री हैं। इसी तरह जेडीयू से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, शीला मंडल, श्रवण कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार करोड़पति मंत्री हैं। इसके अलावा हम पार्टी से संतोश सुमन मांझी और निर्दलीय के तौर पर सुमित सिंह करोड़पति मंत्री हैं।

कुछ दिन पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा नीत राजग से नाता तोड़कर प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए आरजेडी के साथ हाथ मिलाने के बाद दस अगस्त को राजभवन में रिकॉर्ड आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। नीतीश कुमार के अलावा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। तेजस्वी यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

 

hindprabhatsamachar
hindprabhatsamacharhttp://hindprabhatsamachar.in
हिंद प्रभात समाचार एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ वेब पोर्टल है, जिसकी स्थापना वर्ष 2022 में समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के उद्देश्य से की गई। हमारा प्रयास है कि देश और प्रदेश की हर महत्वपूर्ण खबर, जनहित से जुड़े मुद्दे और समाज को प्रभावित करने वाली घटनाएँ आप तक सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली तरीके से पहुँचें।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments