दिल्ली एनसीआर

शहर में आंधी के चलते सड़कों पर गिरे पेड़

hindprabhatsamachar
By hindprabhatsamachar On May 11, 2024
1 min read 1.2k views

ऋषि तिवारी


नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में अचानक शुक्रवार की देर रात में मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दिया। आंधी के साथ कई जगहों पर बारिश भी हुई। इससे एक ओर जहां मौसम सुहाना हो गया वहीं कई जगहों पर पेड़ गिरने और इमारतें क्षतिग्रस्त होने के भी मामले सामने आए। दिल्ली में आंधी के बाद पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत और 6 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। इसके अलावा राजधानी में इमारतें क्षतिग्रस्त होने की वजह से 17 लोग घायल हो गए। रात में आए आंधी-तूफान के चलते कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

तेज हवाओं और तूफान के चलते आधे शहर की बिजली गुल
शहर में शुक्रवार देर रात को तेज हवाओं और तूफान के चलते आधे शहर की बिजली गुल हो गई। तेज हवाओं और तूफान के चलते बिजली विभाग की तरफ से सभी फीडर से सप्लाई बंद कर दी गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, हवा की गति धीमी पड़ने पर धीरे-धीरे बिजली सप्लाई को विभाग की तरफ से बहाल किया गया। कई सेक्टरों और सोसायटियों में देर रात तक भी बिजली गुल रही। बिजली विभाग के अधिकारियों ने किसी भी पावर कट की बात से साफ इंकार कर दिया।

कई जगहों पर गिरे पेड़
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी में शुक्रवार रात आंधी के बाद पेड़ गिरने की 152 कॉल आईं। इसके साथ पुलिस को 55 कॉल इमारतें क्षतिग्रस्त होने की भी आईं। वहीं आंधी-बारिश के बाद 202 कॉल बिजली कटने या खराब होने की भी आईं। दिल्ली की कई सड़कों पर पेड़ गिरने से ट्रैफिक जाम की समस्या हुई। पेड़ गिरने की वजह से दो लोगों की मौत और 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि दिल्ली में 50 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से हवाएं चलने की सूचना है। दिल्ली में तेज हवाएं (शुक्रवार के 2200 बजे आईएसटी पर) दर्ज की गईं (किमी प्रति घंटे) : उजवा 77 किमी प्रति घंटे; जाफरपुर 57 किमी प्रति घंटे, लोधी रोड 61 किमी प्रति घंटा, प्रगति मैदान 63 किमी प्रति घंटा, पीतमपुरा 57 किमी प्रति घंटा, नजफगढ़ 40 किमी प्रति घंटा।’ आईएमडी ने पहले पूर्वानुमान लगाया था कि शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और तूफान आने की संभावना है।

hindprabhatsamachar

hindprabhatsamachar

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.