दिल्ली एनसीआर

कई साल बाद नवीन गोयल के प्रयासों से देवभूमि रामनगर के लिए रवाना हुई रोडवेज

hindprabhatsamachar
By hindprabhatsamachar On February 18, 2023
1 min read 1.2k views

ऋषि तिवारी


गुरुग्राम। देवभूमि उत्तराखंड के लोगों की मांग पर पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल के प्रयासों से कई साल बाद एक बार फिर से उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र के लिए हरियाणा रोडवेज की बस सेवा शुरू हुई। शनिवार को यहां बस अड्डा परिसर से डिपो के अधिकारी राजबीर सिंह व नवीन गोयल, डा. डीपी गोयल ने सेंकड़ों लोगों की मौजूदगी में बस को रवाना किया। पिछले 10 दिन के भीतर उत्तराखंड के लिए यह दूसरी बस सेवा शुरू कराई गई है।

इससे पूर्व यहां उत्तराखंड की कुमाऊं भ्रातृ मंडल के सदस्यों, यात्रियों को नवीन गोयल ने महाशिवरात्रि पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ बस सेवा की शुरुआत नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भारत-श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हो रहा है। यह बस सेवा चार राज्यों को जोड़ेगी। इस बस से यात्रा करके गुरुग्राम का कोई भी व्यक्ति उत्तराखंड भ्रमण करके वहां की कला, संस्कृति को जान सकेगा। सामान्य तौर पर लोगों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा की बहुत दिक्कत रहती है। ऐसे में यह बस दोनों ही तरह से लाभकारी होगी। नवीन गोयल ने कहा कि इस बस के संचालन से उद्योग, व्यापार, कामकाज के रास्ते भी खुलेंगे। लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी। उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ स्वच्छ पर्यावरण वाला क्षेत्र भी है।

खुशी की बात है कि यादव समाज से सेना में भर्ती होने वाले युवाओं की ट्रेनिंग भी उत्तराखंड में कुमाऊं रेजीमेंट मुख्यालय रानीखेत में होती है। गुरुग्राम-उत्तराखंड के लोगों के लिए यह बस सरकार की तरफ से सौगात है। यह बस चार राज्यों हरियाणा, दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड को जोड़ेगी। आज ही खाटू श्याम जी के लिए भी बस संचालित करने के लिए नवीन गोयल ने परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, डिपो महाप्रबंधक विकास नरवाल का आभार जताया। उन्होंने यह भी कहा कि हमें प्रकृति का संरक्षण, जीव-जंतुओं का संरक्षण करना चाहिए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से हम बच सकें। इस बस का संचालन उत्तराखंड का पर्यटन भी बढ़ाएगा।
रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य डा. डीपी गोयल ने कहा कि चाहे रेल यात्रियों की सुविधा की बात हो या रोडवेज की, प्रयास यही रहते हैं कि हर यात्री को सुविधाएं दिलाई जाएं। सबके सहयोग से प्रयास करते हैं और वे सरकार, प्रशासन के सहयोग से सफल भी होते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड और खाटू श्याम जी तक बस का संचालन करके देवताओं की कृपा गुरुग्राम में लाने का प्रयास है।

इस अवसर पर बस के चालक मान सिंह और परिचालक शुभराम का गोयल बंधुओं ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। बस के संचालन के समय भारत माता, वंदे मातरम, मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री के जयकारे भी लगाए गए। कुमाऊं भ्रातृ मंडल की ओर से महावीर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, जीएम विकास नरवाल और नवीन गोयल, डा. डीपी गोयल का इस नेक कार्य के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि मार्च 2003 को रामनगर के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। किन्हीं कारणों से बस संचालित नहीं हो पाई। कई वर्ष बाद फिर से वही दिन आया है जब नवीन गोयल के प्रयासों से यह बस गिरिजा माता के दर्शनों समेत पर्यटन के लिए लाभकारी साबित होगी।

इस अवसर पर कुमाऊं भ्रातृ मंडल के उपप्रधान प्रताप सिंह बिष्ट, महासचिव करन सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी, नंदन सिंह रावत, सुरेंद्र रावत, ठाकुर दत्त शर्मा, हरीशचंद गढाकोटी, कैलाश जीना, कुबेर जमनाल, महेंद्र मेहरा, बाली पंडित, राजेश गुलिया, सुल्तान वाल्मीकि, अशोक सैनी, कृष्ण गोपाल रोहिल्ला, विजय वर्मा, सोनू गौड़, सुभाष गुप्ता प्रधान, हरजीत कौर, कर्म सिंह गिल, रवि शर्मा, रतन लाल गुप्ता, दीपचंद फौजी, सतीश गुप्ता सेक्टर-10 आरडब्ल्यूए प्रधान, योगेश समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

hindprabhatsamachar

hindprabhatsamachar

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.