फिल्म न्यूज

कैरी ऑन जट्टा’ फेम लेखक अब बने एक्टर

hindprabhatsamachar
By hindprabhatsamachar On November 4, 2025
1 min read 1.2k views
Punjabi cinema

ऋषी तिवारी


पंजाबी सिनेमा के लोकप्रिय लेखक नरेश कथूरिया अब दर्शकों को अपनी लेखनी के साथ-साथ अपने अभिनय से भी हंसाने के लिए तैयार हैं। अपनी आने वाली फिल्म “हैप्पी खुश हो गया” के प्रमोशन के लिए नरेश कथूरिया, दीदार गिल और संजीव अत्री दिल्ली पहुंचे।

पुनर्जन्म पर आधारित यह कॉमेडी फिल्म हंसी, मनोरंजन और भावनाओं का मिश्रण पेश करेगी, जो दर्शकों को एक नए सिनेमाई अनुभव से रूबरू कराएगी। इस फिल्म से नरेश कथूरिया बतौर मुख्य अभिनेता अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं।

लेखन से अभिनय तक का सफ़र

नरेश कथूरिया पंजाबी सिनेमा के सबसे सफल लेखकों में से एक हैं। उन्होंने ‘कैरी ऑन जट्टा’ सीरीज़, ‘वेख बरातां चल्लियाँ’, ‘शिंदा शिंदा नो पापा’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों की पटकथा और संवाद लिखे हैं। अब वे अपने ही लिखे किरदारों को पर्दे पर निभाते हुए नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ गुरप्रीत भंगू मुख्य भूमिका में हैं। इस नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म में जतिंदर कौर, दीदार गिल, हनी मट्टू, गुरमीत सज्जन, गुरदयाल पारस, गुरिंदर मकना जैसे कई अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और भी खास बनाती है।

टीम ने साझा किए अपने विचार

नरेश कथूरिया ने कहा,“मैंने हमेशा दर्शकों का मनोरंजन करने में विश्वास किया है। लेखन से लेकर मुख्य भूमिका निभाने तक का यह सफ़र मेरे लिए एक नया और रोमांचक अनुभव है। किरदार लिखना और अब उसे जीना, यह मेरे लिए एक पूर्ण-चक्र क्षण है।”

फिल्म के निर्देशक क्षितिज चौधरी ने कहा, “हमने पुनर्जन्म की कहानी को पंजाबी सिनेमा के अंदाज़ में एक नए, मज़ेदार और दिल को छू लेने वाले तरीके से पेश किया है। यह फिल्म दर्शकों को हंसी और इमोशन से भरपूर सफ़र पर ले जाएगी।”

निर्माण और रिलीज़ की जानकारी

फिल्म के निर्माता मुनीश साहनी (ओमजीज़ सिने वर्ल्ड) ने बताया कि “हम हमेशा दर्शकों के लिए नई और मनोरंजक कहानियाँ लाने की कोशिश करते हैं। ‘हैप्पी खुश हो गया’ एक ऐसी फिल्म है जो न सिर्फ़ हंसी बिखेरेगी, बल्कि दिल को भी छू जाएगी।” इस फिल्म का निर्देशन क्षितिज चौधरी ने किया है। यह ओमजी, केएनसी स्टूडियो, यू एंड आई फिल्म्स और नरेश कथूरिया फिल्म्स के संयुक्त बैनर तले निर्मित की गई है।

बता दे कि फिल्म 7 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इसका टीज़र पहले ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर धूम मचा चुका है और दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्सुकता देखी जा रही है।

hindprabhatsamachar

hindprabhatsamachar

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.