दिल्ली एनसीआर

स्वस्थ और मजबूत भारत का संदेश लेकर फेलिक्स अस्पताल ने निकली ‘तिरंगा यात्रा’

hindprabhatsamachar
By hindprabhatsamachar On August 16, 2025
1 min read 1.2k views

ऋषि तिवारी


नोएडा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के पर्व पर शुक्रवार को फेलिक्स अस्पताल की ओर से नोएडा एक्सप्रेस वॉकर्स के साथ मिलकर सेक्टर-137 नोएडा की ओर से “फेलिक्स तिरंगा यात्रा” निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे अस्पताल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद सुबह साढ़े 6 बजे ‘तिरंगा यात्रा’ की शुरुआत हुई। जिसमें अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, विभिन्न क्षेत्रों के लोग, स्थानीय निवासी और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह तिरंगा यात्रा फेलिक्स हॉस्पिटल्स से शुरू होकर अजनारा सोसायटी, गुलशन विवांटे, पैरामाउंट फ्लोराविल, एक्सोटिका फ्रेस्को, पूर्वांचल रॉयल पार्क, सुपरटेक ईको सिटी, लॉजिक ब्लॉसम काउंटी, पारस टिएरा होते हुए वापस फेलिक्स हॉस्पिटल पर संपन्न हुई।

यात्रा का मुख्य उद्देश्य वन वॉक, वन नेशन का संदेश देना और लोगों को नियमित व्यायाम व सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। फेलिक्स अस्पताल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता ने तिरंगे को सलामी दी और मौजूद लोगों को स्वस्थ एवं मजबूत भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। प्रदीप पांडा ने भी नोएडा एक्सप्रेस वॉकर्स के माध्यम से लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवन के महत्व के प्रति जागरूक किया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने सेक्टर-137 और आसपास के इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों को फिटनेस, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ कदम बढ़ाए और स्थानीय लोगों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया। डॉ. डी.के. गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आजादी का नाम नहीं है।

बल्कि यह स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण में आत्मनिर्भर बनने का भी प्रतीक है। एक मजबूत राष्ट्र के लिए उसके नागरिकों का स्वस्थ होना अनिवार्य है। क्योंकि स्वस्थ नागरिक ही आर्थिक और सामाजिक विकास में सक्रिय योगदान दे सकते हैं। स्वतंत्रता का असली अर्थ केवल राजनीतिक बंधनों से मुक्ति नहीं है, बल्कि जीवन के हर पहलू में आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी का पालन करना है। हमारे पूर्वजों ने आजादी पाने के लिए बलिदान दिए, उसी तरह हमें अपने स्वास्थ्य के लिए समय और अनुशासन देना होगा।

एक बीमार या कमजोर नागरिक न तो अपने सपनों को पूरा कर सकता है और न ही राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे सकता है। इसलिए स्वास्थ्य को स्वतंत्रता का मूल आधार माना जाना चाहिए। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण देने की भी प्रतिज्ञा की। फ़ेलिक्स हॉस्पिटल, गामा-1, ग्रेटर नोएडा में भी डॉ. डी.के. गुप्ता ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें साझा की।

स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी कुंजी: डॉ. रश्मि गुप्ता
वहीं फेलिक्स हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे संभालना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। फेलिक्स हॉस्पिटल सदैव इस दिशा में अग्रसर रहेगा और ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम सामाजिक जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। यात्रा के दौरान हॉस्पिटल की ओर से सभी प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई।

hindprabhatsamachar

hindprabhatsamachar

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.