दिल्ली एनसीआर

दिल्ली में पहली बार गूंजेगा पंचम दा का जादू

hindprabhatsamachar
By hindprabhatsamachar On August 13, 2025
1 min read 1.2k views

ऋषि तिवारी


नई दिल्ली। नई दिल्ली आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंफनी मेलोडियस क्लब, दिल्ली ने ऐलान किया कि 7 सितम्बर 2025 को शाम छह बजे से जवाहरलाल नेहरू वेट लिफ्टिंग ऑडिटोरियम, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में एक अद्वितीय और ऐतिहासिक संगीतमय संध्या का आयोजन होगा। इस शाम का नाम है — “रिलीविंग द पंचम मैजिक – ए ट्रिब्यूट टू आर.डी. बर्मन”।

कार्यक्रम की परिकल्पना और संयोजन नंद किशोर अग्रवाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, “पंचम दा का संगीत सिर्फ़ सुरों का मेल नहीं, यह भावनाओं और यादों का अमूल्य खज़ाना है। इस आयोजन के माध्यम से हम उनकी धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाएंगे, ताकि उनका जादू हमेशा जीवित रहे।”

यह आयोजन अपने आप में ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इसमें 45 शीर्ष संगीतज्ञ और वादक मंच साझा करेंगे। इस ग्रैंड ऑर्केस्ट्रा में मुंबई और दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर्स और पंचम दा के मूल संगीत दल के दिग्गज शामिल होंगे।

मुख्य कलाकारों में हैं — बेला सुलाखे, श्रीकांत नारायण, किशोर पराशर, शिफा अंसारी, कुणाल कुशवाहा तथा युवा सितारे वैदेही गोयल, अभिजीत शर्मा, जेन्या विश्वकर्मा। वाद्य संगीत की महफ़िल सजाएंगे — किशोर सोढा (ट्रम्पेट), नितिन शंकर (रिदमिस्ट), श्याम राज (सैक्सोफोन/फ्लूट), संजीव राव (वायलिन), मनोज शर्मा (अल्टो सैक्सोफोन), उस्ताद अलीम खान अपनी टीम के साथ मंच पर शास्त्रीय वाद्य से अपना जलवा दिखाएंगे और साथ में रमेश मिश्रा भी अपने ग्रुप के साथ इसका हिस्सा बनेंगे।

सिंफनी मेलोडियस क्लब के अध्यक्ष दलबीर सिंह सेठी ने कहा — “यह आयोजन केवल एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट नहीं है, बल्कि भारतीय फिल्म संगीत के स्वर्ण युग का उत्सव है। आर.डी. बर्मन ने भारतीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और हम गर्व महसूस करते हैं कि दिल्ली इस ऐतिहासिक शाम का हिस्सा बनेगी।” इस मौके पर नरेंद्र विश्वकर्मा, संजय बग्गा भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अत्याधुनिक डी एंड बी ऑडियो सिस्टम, 600 वर्ग फीट का हाई-रेज़ोल्यूशन एलईडी वॉल और 140 से अधिक प्रोफेशनल लाइटिंग इक्विपमेंट का इस्तेमाल होगा। दर्शकों को मिलेगा एक इमर्सिव ऑडियो-वीज़ुअल अनुभव, जो पहले कभी नहीं देखा गया।

कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया रेडियो और फिल्म जगत के प्रसिद्ध एंकर प्रदीप शर्मा करेंगे, जो अपने अनुभव और करिश्माई अंदाज़ से इस शाम को और यादगार बनाएंगे।

सिंफनी मेलोडियस क्लब, दिल्ली — एक गैर-लाभकारी संस्था — का उद्देश्य है स्वर्ण युग के अर्थपूर्ण संगीत को संजोना और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना। यह संध्या दिल्ली के संगीत इतिहास में एक सुनहरा अध्याय लिखने जा रही है।

 

hindprabhatsamachar

hindprabhatsamachar

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.