
सुरेन्द्र दुआ संवाददाता (हरियाणा)
नूंह। ईण्डरी गांव में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ में मुन्ना निवासी डुडोली ने प्रथम, टाइगर निवासी उदाका ने द्वितीय और विशाल निवासी लाखुवाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दौड़ प्रतियोगिता में विजेताओं ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मुन्ना डुडोली, द्वितीय स्थान पर टाइगर उदाका और तृतीय स्थान पर विशाल लाखुवाश रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेलकूद, शारीरिक फिटनेस और अनुशासन के प्रति प्रेरित किया गया।
ग्रामीण एवं समाजसेवी राजेश पंवार ने बताया कि गांवों में इस तरह की दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन नियमित रूप से होते रहना चाहिए। इससे युवा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हैं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ते हैं।
विजेता युवाओं को जयपुर में मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
राजेश पंवार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को महाराणा प्रताप एकेडमी, जयपुर में निःशुल्क प्रशिक्षण एवं कोचिंग प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही गांव के जिन युवाओं का आर्मी फिजिकल क्लियर होगा, उन्हें आगे की टेस्ट तैयारी भी निःशुल्क करवाई जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। निःशुल्क प्रशिक्षण की इस सुविधा से युवाओं को अपने भविष्य को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
दौड़ प्रतियोगिता के अवसर पर महाराणा प्रताप एकेडमी के डायरेक्टर दौलत फौजी, राजेश पंवार, विपिन पंवार, विशिष्ट अतिथि रिंकू जाटका सिसवान, तारीफ बडकली और अंकुर पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, नशे से दूर रहने और सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया।





