Homeबड़ी खबरबिहार में छह जिलों की दवा दुकानों पर छापेमारी, 109 दवाओं की...

बिहार में छह जिलों की दवा दुकानों पर छापेमारी, 109 दवाओं की बिक्री पर रोक

बिहार में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने छह जिलों में दवा दुकानों और गोदामों की जांच की। 26 और 27 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के कुल 14 प्रतिष्ठानों में निरीक्षण और छापेमारी की गई। कार्रवाई में खरीद-बिक्री के दस्तावेजों की कमी, एक्सपायरी दवाओं के भंडारण में लापरवाही और बिना वैध लाइसेंस कारोबार जैसे मामले सामने आए।

विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 109 दवाओं की बिक्री और निपटान पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए 22 दवा नमूने लिए गए। भागलपुर और मधुबनी में करीब 11,965 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की गईं। गयाजी में भी एक्सपायरी दवाएं जब्त हुईं, हालांकि उनका मूल्य अभी निर्धारित नहीं हुआ है।

पटना में पांच दवा दुकानों की जांच

पटना के गोविंद मित्रा रोड और आसपास के इलाकों में पांच दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई। सभी पांच जगहों पर दवाओं की खरीद, बिक्री या भंडारण से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं। निरीक्षण टीम ने कुल 68 दवाओं की बिक्री और निपटान पर रोक लगाई तथा 11 दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए।

आर.आर.बी. ड्रग एजेंसी में तीन दवाओं के खरीद बिल नहीं दिखाए गए। विभाग ने प्रपत्र-15 जारी कर इन दवाओं के निपटान पर रोक लगा दी। बिक्री अभिलेख और स्टॉक में भी गड़बड़ी मिली। एक्सपायरी दवाओं के लिए उचित भंडारण व्यवस्था और एक्सपायरी रजिस्टर उपलब्ध नहीं था। यहां से तीन दवाओं के नमूने लिए गए।

राजधानी मेडिको में प्रतिष्ठान के बाहर साइन बोर्ड नहीं मिला। दो दवाओं के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री रोक दी गई। बिक्री से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। जांच के लिए दो नमूने लिए गए।

वैशाली इंटरप्राइजेज में 15 दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले। इन दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। खरीद बिल व्यवस्थित क्रम में नहीं रखे गए थे और 15 दवाओं के बिक्री रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। एक्सपायरी रजिस्टर की अनुपस्थिति के साथ यहां से दो नमूने लिए गए।

न्यू प्रभात फार्मा में 23 दवाओं के खरीद बिल न दिखाने पर बिक्री रोकने का आदेश दिया गया। बिक्री अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं, न्यू मां भवानी फार्मा में खरीद बिल उपलब्ध नहीं होने पर 25 दवाओं की बिक्री रोकी गई। दो गैर-अनुमोदित दवाओं की बिक्री और वितरण पर भी रोक लगाई गई। विभाग के विवरण के अनुसार, इस प्रतिष्ठान में दो दवाओं के नमूने लिए गए।

भागलपुर में बिना लाइसेंस दुकान से दवाएं जब्त

भागलपुर के नाथनगर स्थित ललमटिया क्षेत्र के शंकर मेडिकल हॉल में छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। यहां से करीब 11 हजार रुपये मूल्य की 77 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। दुकान के रैक पर एक्सपायरी दवाएं और छह प्रकार की होम्योपैथिक दवाएं भी मिलीं। पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध न होने के कारण नमूने नहीं लिए जा सके। संचालक के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर के एम.पी.डी. रोड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी में जांच जारी बताई गई।

मधुबनी में एक्सपायरी इंजेक्शन जब्त

मधुबनी के अंधराठाढ़ी स्थित ननौर चौक के हिन्दुस्तान मेडिकल हॉल में छह दवाओं के खरीद रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए गए। इन दवाओं की बिक्री और निपटान पर रोक लगाई गई। कार्रवाई के दौरान 0.5 एमएल के एक्सपायरी बेट इंजेक्शन की 72 यूनिट भी जब्त हुईं, जिनकी कीमत 964.80 रुपये बताई गई है। खरीद और बिक्री के दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

गयाजी में चार स्थानों पर कार्रवाई

गयाजी के गौरव फार्मा में जांच के दौरान पहले समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर दवा कारोबार चलता मिला। चार दवाओं के खरीद बिल नहीं दिखाए गए, जिसके बाद उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। छह दवाओं के नमूने लिए गए। दुकान में रेफ्रिजरेटर और साइन बोर्ड नहीं मिला। बिक्री रिकॉर्ड और एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग भंडारण स्थान भी उपलब्ध नहीं था।

इसके अलावा एफ.बी.एस. रोड स्थित मां जगदम्बा एजेंसी, मुरारपुर स्थित उसकी गोदाम और टेकारी रोड स्थित जगदम्बा एजेंसी में भी छापेमारी हुई। वहां एक्सपायरी दवाएं जब्त की गईं और 31 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रपत्र-15 जारी किया गया। पांच दवाओं के नमूने प्रपत्र-17 और 17A के तहत लिए गए। गयाजी में चार स्थानों पर कुल 35 दवाओं की बिक्री रोकी गई और 11 नमूने जांच के लिए लिए गए।

मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में जांच जारी

मुजफ्फरपुर के सरैयागंज स्थित शाकंभरी ड्रग्स में एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग भंडारण स्थान और संबंधित रजिस्टर नहीं मिला। खरीद बिल क्रमवार व्यवस्थित नहीं थे और बिक्री रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने की बात कही है। समस्तीपुर के मूलचंद रोड स्थित भगवती फार्मा में छापेमारी जारी बताई गई।

औषधि नियंत्रण विभाग ने कहा है कि दवाओं की खरीद, भंडारण, वितरण और बिक्री की निगरानी जारी रहेगी। जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य अवैध दवा कारोबार पर रोक लगाना और आम लोगों तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाना है।

Hind Prabhat Samachar
Hind Prabhat Samacharhttp://hindprabhatsamachar.in
हिंद प्रभात समाचार एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ वेब पोर्टल है, जिसकी स्थापना वर्ष 2022 में समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के उद्देश्य से की गई। हमारा प्रयास है कि देश और प्रदेश की हर महत्वपूर्ण खबर, जनहित से जुड़े मुद्दे और समाज को प्रभावित करने वाली घटनाएँ आप तक सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली तरीके से पहुँचें।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments