राम नरेश ठाकुर
बिहार में अवैध दवा कारोबार और नियमों के विरुद्ध संचालित मेडिकल स्टोरों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। राज्य के 17 जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग की टीमों ने एक साथ सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाकर 22 दवा प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान दो मेडिकल स्टोर बिना वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के संचालित पाए गए। कार्रवाई में कुल 164 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 1,02,116 रुपये बताई गई है।
विभागीय कार्रवाई में एक्सपायरी दवाओं की बिक्री, खरीद-बिक्री के बिल उपलब्ध नहीं कराने, संदिग्ध औषधियों के भंडारण और निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने जैसी कई अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच के बाद छह प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ है, जबकि 13 अन्य दवा दुकानों के खिलाफ स्पष्टीकरण मांगने की प्रक्रिया अभी लंबित है।
बिहार के 17 जिलों में चला ड्रग इंस्पेक्शन अभियान
बिहार में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने यह विशेष अभियान चलाया। इसमें पूर्वी चंपारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पटना, रोहतास, मधेपुरा, गयाजी, बक्सर, सुपौल, नालंदा, मुंगेर, मधुबनी, बेगूसराय, पूर्णिया, सिवान और कटिहार को शामिल किया गया।अभियान के दौरान औषधि निरीक्षकों ने दवा दुकानों के लाइसेंस, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, दवाओं के स्टॉक, एक्सपायरी उत्पादों के रखरखाव और औषधियों की गुणवत्ता से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। पटना के चार दवा प्रतिष्ठानों में भी विशेष जांच की गई, जहां कई गंभीर खामियां उजागर हुईं।
पटना में बद्री फार्मा और सरस्वती फार्मा में मिलीं अनियमितताएं
पटना के जीएम रोड स्थित बद्री फार्मा की जांच में 11 ऐसी दवाएं मिलीं, जिनके अनुमोदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रतिष्ठान प्रबंधन प्रस्तुत नहीं कर सका। चार औषधियों के खरीद बिल उपलब्ध नहीं कराने पर औषधि अधिनियम के तहत फॉर्म-15 जारी किया गया। इसके अलावा 14 दवाओं के बिक्री बिल भी जांच टीम को नहीं दिए गए। एक औषधि की वास्तविकता को लेकर संदेह होने पर उसे चिह्नित किया गया। वहीं, दो दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए।
इसी तरह जीएम रोड स्थित आरसी पैलेस के सरस्वती फार्मा में भी जांच के दौरान 11 औषधियों के संबंध में फॉर्म-15 जारी किया गया। यहां बिक्री बिलों की कार्बन प्रतियां उपलब्ध नहीं मिलीं। छापेमारी रिपोर्ट में दर्ज 15 दवाओं के बिक्री बिल भी प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच में एक्सपायरी दवाओं के भंडारण से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आया। इसके साथ ही पशु चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाली दवाओं को भी अलग रखने की निर्धारित व्यवस्था नहीं मिली। टीम ने तीन औषधियों के नमूने फॉर्म-17 के तहत गुणवत्ता जांच के लिए लिए।
मां भवानी ड्रग हाउस में मिलीं एक्सपायरी और गलत लेबल वाली दवाएं
पटना के जीएम रोड स्थित मेसर्स मां भवानी ड्रग हाउस में औषधि निरीक्षण टीम को 10,717 रुपये मूल्य की एक्सपायरी दवाएं मिलीं। प्रतिष्ठान प्रबंधन एविल टैबलेट की बिक्री से संबंधित विवरण भी उपलब्ध नहीं करा सका। इसके अलावा 18 दवाओं के खरीद बिल नहीं मिलने पर उनके संबंध में फॉर्म-15 जारी किया गया। जांच टीम ने दो औषधियों के नमूने भी गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए। कार्रवाई के दौरान 8,925 रुपये मूल्य की एक गलत लेबल वाली (Misbranded) औषधि भी मिली। इसे औषधि अधिनियम के तहत फॉर्म-16 जारी कर जब्त कर लिया गया।
पटना में जैन सदन के सामने मंजू विला स्थित एक अन्य दवा प्रतिष्ठान की जांच में भी दस्तावेजों और दवाओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई। यहां से Cefil-CV की 250 एमजी, 750 एमजी और 500 एमजी की तीन अलग-अलग बैच की दवाएं जब्त की गईं।इनकी कुल मात्रा 13 स्ट्रिप और अनुमानित कीमत 7,751.60 रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार प्रकार की दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए। जांच में खरीद बिल नहीं देना, बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराना और दवाओं के भंडारण एवं वितरण से संबंधित नियमों का पालन नहीं करना जैसी कमियां सामने आईं।
बिना लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोरों से भी जब्त हुईं दवाएं
पटना के अलावा दूसरे जिलों में भी औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त की गईं। गयाजी के डोभी मेडिकल हॉल से 1,597 रुपये मूल्य की Bett Ampoule औषधि जब्त की गई। पूर्वी चंपारण के मधुबन स्थित गौतम मेडिकल हॉल बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। यहां से 107 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं, जिनकी कीमत 46,600 रुपये है।
पूर्णिया जिले के पोखरिया में बिना लाइसेंस संचालित एक अन्य प्रतिष्ठान से 34 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। इनकी अनुमानित कीमत 12,317 रुपये बताई गई है। वहीं, सिवान के बसंतपुर स्थित प्रिंस मेडिकल एजेंसी से 14 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं, जिनका कुल मूल्य 14,209 रुपये है।
छह प्रतिष्ठानों से मिला जवाब, 13 के खिलाफ कार्रवाई लंबित
औषधि निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने संबंधित दवा प्रतिष्ठानों से जवाब मांगा है। अब तक छह प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण प्राप्त हो चुका है, जबकि 13 अन्य प्रतिष्ठानों से जवाब प्राप्त करने की प्रक्रिया लंबित है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच में सामने आए तथ्यों का मूल्यांकन करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
बिहार में आगे भी जारी रहेगा दवा दुकानों का निरीक्षण
स्वास्थ्य विभाग का औषधि नियंत्रण तंत्र राज्यभर में दवाओं के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर निगरानी रख रहा है। सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि निरीक्षकों को नियमित रूप से दवा प्रतिष्ठानों की जांच करने तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस दवाओं की बिक्री, अनधिकृत भंडारण, नियमों के विरुद्ध दवाओं का वितरण और औषधि संबंधी प्रावधानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिहार में चल रहा यह अभियान आम लोगों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने संकेत दिया है कि राज्य के सभी जिलों में दवा दुकानों की निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


