राम नरेश ठाकुर
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए राज्य सरकार अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लेने की तैयारी में है। सरकारी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता सुधारने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार दिलाने के लिए AI आधारित व्यवस्था विकसित की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने स्मार्ट एम्बुलेंस, डिजिटल बेड मैनेजमेंट, टेलीमेडिसिन और आधुनिक जांच सुविधाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
इस दिशा में पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में बिहार सरकार और गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से ‘AI for a Healthier Bihar: From Innovation to Impact’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ नए अस्पताल बनाना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़कर आम लोगों तक बेहतर इलाज पहुंचाना है। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों को भी शहरी क्षेत्रों जैसी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
दवाओं की आपूर्ति से लेकर अस्पताल प्रबंधन तक होगा AI का इस्तेमाल
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में AI का इस्तेमाल कई स्तरों पर किया जा सकता है। दवाओं की मांग, उपलब्ध स्टॉक, आपूर्ति और भविष्य की जरूरतों का आकलन करने के लिए डिजिटल सिस्टम विकसित करना जरूरी है। इससे सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की कमी की समस्या को समय रहते दूर करने में मदद मिलेगी।
दवाओं की गुणवत्ता और सप्लाई चेन की निगरानी के लिए बारकोड, क्यूआर कोड, बैच नंबर और क्लिनिकल डेटा का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इससे दवाओं की वास्तविक उपलब्धता का पता लगाने के साथ आपूर्ति व्यवस्था में होने वाली गड़बड़ियों की पहचान करना आसान होगा।
एक्स-रे, CT स्कैन और MRI रिपोर्ट में मिलेगी AI की मदद
बिहार के सरकारी अस्पतालों में जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी AI तकनीक का इस्तेमाल प्रस्तावित है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचों की रिपोर्ट के विश्लेषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उदाहरण के तौर पर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र में किसी मरीज का एक्स-रे होने पर AI की मदद से रिपोर्ट में बीमारी के संभावित संकेतों की शुरुआती पहचान की जा सकती है। इससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण समय रहते सामने लाने और मरीज को आगे की जांच के लिए रेफर करने में सहायता मिल सकती है।
इसके लिए मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में उपलब्ध जांच उपकरणों का ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया है। इससे यह पता चलेगा कि किन अस्पतालों में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं और उनका इस्तेमाल किस स्तर पर हो रहा है।
टेलीमेडिसिन से ग्रामीण मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श
बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती है। कई बार मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना या दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने AI आधारित टेलीमेडिसिन को इस समस्या का प्रभावी समाधान बताया। इसके माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद मरीजों को बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे मरीजों को लंबी दूरी तय करने और अनावश्यक खर्च से राहत मिलेगी।
अस्पतालों के खाली बेड और ICU की जानकारी मिलेगी ऑनलाइन
सरकारी अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को लेकर होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए डिजिटल बेड मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत सामान्य वार्ड, आईसीयू, हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) और क्रिटिकल केयर यूनिट में खाली बेड की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की योजना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस संबंध में IGIMS के निदेशक से बातचीत की गई है। ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है, जिससे मरीज और उनके परिजन मोबाइल फोन के जरिए अस्पतालों में उपलब्ध बेड की वास्तविक स्थिति देख सकें।
इस व्यवस्था से रेफरल प्रक्रिया भी आसान होगी। उदाहरण के तौर पर किसी जिले से गंभीर मरीज को पटना के PMCH भेजने से पहले यह पता लगाया जा सकेगा कि वहां बेड, ICU और संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं या नहीं। इससे मरीज को सही अस्पताल भेजने में समय बचेगा और इलाज में देरी की आशंका कम होगी।
बिहार में 2-4 स्मार्ट एम्बुलेंस से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में स्मार्ट एम्बुलेंस एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित हो सकती हैं। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बताया कि शुरुआती चरण में दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी है। इस संबंध में IGIMS के निदेशक और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ चर्चा की गई है।
प्रस्तावित स्मार्ट एम्बुलेंस में डिजिटल ECG मशीन, ब्लड प्रेशर मॉनिटर, पल्स और ऑक्सीजन सैचुरेशन की जांच जैसी सुविधाएं होंगी। इसके साथ GPS आधारित लाइव लोकेशन, अस्पतालों से डिजिटल कनेक्टिविटी और वीडियो कॉल के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श की सुविधा विकसित करने की योजना है।
एम्बुलेंस में मरीज की प्राथमिक जांच के बाद उसकी डिजिटल मेडिकल रिपोर्ट संबंधित अस्पताल को भेजी जा सकेगी। इससे मरीज के पहुंचने से पहले ही अस्पताल की मेडिकल टीम इलाज की तैयारी कर सकेगी।
AI बताएगा किस अस्पताल में खाली है ट्रॉमा बेड
स्मार्ट एम्बुलेंस को ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से जोड़ने की भी योजना है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, AI सिस्टम मरीज के ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन स्तर जैसी जानकारियों के आधार पर उसकी स्थिति का शुरुआती आकलन करने में मदद कर सकता है।
इसके बाद आसपास के अस्पतालों में ट्रॉमा बेड, ICU, सीटी स्कैन, एमआरआई और संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी जुटाकर उपयुक्त अस्पताल का चयन किया जा सकेगा। इससे गंभीर दुर्घटना के मरीजों को सही समय पर सही अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि AI का उद्देश्य केवल तकनीकी बदलाव करना नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए। सरकार बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यशाला में स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन के भारत कार्यालय की निदेशक अर्चना व्यास, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन, एएनएम, आशा कार्यकर्ता और देश-विदेश के तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए।


