सुरेन्द्र दुआ संवाददाता
नूंह। अग्रोहा शक्तिपीठ से शुरू हुई आराध्य कुलदेवी लक्ष्मी माता रथ यात्रा का तावडू कस्बे में मंगल प्रवेश हुआ। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के बंधुओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ रथ यात्रा का भव्य एवं अभूतपूर्व स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
अग्रवाल समाज के बंधुओं ने बताया कि लक्ष्मी माता रथ यात्रा की शुरुआत 2 दिसंबर 2021 को अग्रोहा शक्तिपीठ से की गई थी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज और देश के उत्थान के साथ-साथ अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने समाज के स्वर्णिम इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में अग्रवाल समाज एवं वैश्य समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज ने व्यापार, उद्योग, शिक्षा, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं समाज को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं। लक्ष्मी माता रथ यात्रा के तावडू पहुंचने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अग्रवाल समाज के बंधुओं ने माता लक्ष्मी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
लक्ष्मी माता रथ यात्रा के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था, एकता और सामाजिक उत्थान का संदेश दिया जा रहा है। तावडू में हुए इस भव्य स्वागत ने क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत किया।


